LWG Wordsmiths – Hindi – April ’25
First place
The prompt for this contest was: ख़ुद से मुहब्बत/स्वयं से प्रेम
Poet: Rekha Drolia
Poem: हाँ मैं अब ख़ुद से मोहब्बत करने लगी हूँ
उसने कहा बहुत बदल रही हो
मैंने कहा नहीं तो बस संभल रही हूँ
ज़रूरी है थोड़ा संभालना थोड़ा बदलना
कब तक है औरों के मुताबिक़ चलना
अब कुछ अपने मन की भी करने लगी हूँ
हाँ मैं अब ख़ुद से मोहब्बत करने लगी हूँ
इसकी बेटी उसकी पत्नी उसकी माँ में मैं कहाँ
उस गुमशुदा की तलाश में भटकी यहाँ वहाँ
वो जो मेरे अंदर छुप कर सोई थी कहीं
उस लड़की को फिर से जगाने लगी हूँ
हाँ मैं अब ख़ुद से मोहब्बत करने लगी हूँ
गुनगुनी धूप और भीगी दूब पर चलना
कभी बस ख़ुद के लिए ही संवरना
तुम्हारा साथ अज़ीज़ है मुझको
पर अब कुछ पल अपने संग बिताने लगी हूँ
हाँ मैं अब ख़ुद से मोहब्बत करने लगी हूँ
नहीं घिसती अब सिलबट्टे पर अपने सपने
कड़ाही की क़ैद से निकल लगी हूँ उड़ान भरने
पता है मुझे तुम्हे रोटी अच्छी लगती है
पर अब अपने मन के पुलाव भी पकाने लगी हूँ
हाँ मैं अब ख़ुद से मोहब्बत करने लगी हूँ
अपने ही नाम लिख डाली चाहतों की चिट्ठी
दुनिया क्या सोचेगी इस बात पर डाली मिट्टी
थी पानी सी ढली अब हूँ नदी बन चली
गिरती उठती अपनी राह गढ़ने लगी हूँ
हाँ मैं अब ख़ुद से मोहब्बत करने लगी हूँ
Poems are posted with the authors’ permissions.
Copyright lies with the authors.

